Homeताजा ख़बरMP : लाड़ली बहना योजना के लिए BJP तैयार, विपक्ष भी कर...

MP : लाड़ली बहना योजना के लिए BJP तैयार, विपक्ष भी कर रहा वार

  • 5 मार्च से लागू होगी योजना, दो माह तक भरे जाएंगे फार्म, कांग्रेस ने ढूंढी योजना की काट
  • भाजपा 12 हजार रूपए सालाना देगी, कांग्रेस ने कहा-कोई मतलब नहीं, सिलेंडर के दाम बढ़ा दिए, 1000 में तो सिलेंडर आ रहा

भोपाल। चुनावी साल में सरकार की महत्वाकांक्षी लाड़ली बहना योजना लागू होने के चंद दिन ही बचे हैं। 5 मार्च से इसका अधिकृत ऐलान होगा, तो दो माह तक फार्म भरे जाएंगे। जून से पात्र महिलाओं के खाते में हर माह एक-एक हजार रूपए आने शुरू हो जाएंगे। चुनाव से पहले भाजपा सरकार का यह बड़ा दांव माना जा रहा है। वहीं कांग्रेस ने इसकी काट के तौर पर बढ़े सिलेंडर के दामों को मुद्दा बना लिया है। कांग्रेस का कहना है कि एक ओर सरकार 1-1 हजार रूपए देने की बात कर रही है, वहीं रसोई गैस सिलेंडर के दाम भी बढ़ा दिए हैं। इससे महिलाओं का बजट बिगड़ेगा।
सदन के बाहर लेकर गए सिलेंडर
विधानसभा के सदन में जब वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा बजट पेश करने वाले थे तो कांग्रेस विधायक कुणाल चौधरी व अन्य विधायक सिलेंडर लेकर पहुंच गए और हंगामा करने लगे। सदन में पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा कि सिलेंडर के दाम बढ़ गए हैं। इससे घरों का बजट बिगड़ रहा है। हालांकि गृहमंत्री नरोत्तम ने कहा कि प्रदेश सरकार ने गैस सिलेंडर के दाम नहीं बढ़ाए हैं। इस पर कांग्रेस विधायकों ने कहा कि केंद्र में भी तो भाजपा की ही सरकार है।
लाड़ली बहना के लिए सरकार ने यह की तैयारी
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने समत्व भवन के मंथन कक्ष में 5 मार्च को राजधानी में लांच हो रही मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के शुभारंभ के संबंध में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ विचार -विमर्श किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना-2023 की जानकारी प्रदेश की सभी बहनों को प्राप्त हो, इसके लिए योजना के शुभारंभ के पूर्व ही आवश्यक वातावरण बनाया जाए। भोपाल में होने वाले शुभारंभ कार्यक्रम का प्रसारण पंचायत स्तर तक और शहरी क्षेत्रों में किया जाए, जिससे योजना की पूरी जानकारी बहनों को मिले और वे इसका लाभ उठाने के लिए जागरूक बनें। सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ भी महिला सशक्तिकरण और मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना पर केंद्रित हों। मुख्यमंत्री ने कहा कि कार्यक्रम में योजना की हकदार बहनों की बड़े पैमाने पर भागीदारी के साथ महिला शौर्या दल, स्व-सहायता समूह, जन अभियान परिषद से जुड़ी बहनें और महिला जन-प्रतिनिधि अवश्य शामिल हों। जंबूरी मैदान भोपाल में लगभग एक लाख बहनों की भागीदारी को ध्यान में रखते हुए जरूरी तैयारियाँ की जा रही हैं।
प्रपत्र भरने की प्रक्रिया सरल
मुख्यमंत्री ने कहा कि आवेदन प्रपत्र भरने की प्रक्रिया से बहनों को अवगत करवाने के लिए सार्वजनिक मंच पर प्रपत्र भरने का प्रदर्शन किया जाए। बहनों की शंकाओं का समाधान भी किया जाए। बहनों को यह बताते हुए कि प्रपत्र भरने की प्रक्रिया सरल है, उनका पूरा मार्गदर्शन किया जाए। उन्होंने कार्यक्रम में शामिल होने वाली बहनों के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं को पूरा करने के निर्देश दिए। बताया गया कि मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की थीम पर एक गीत भी लांच किया जाएगा। महिला सशक्तिकरण पर लघु फिल्म भी प्रदर्शित की जायेगी। योजना के पोर्टल और एप का शुभारंभ भी होगा। महिला-बाल विकास, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, नगरीय विकास एवं आवास, जनसम्पर्क और अन्य विभाग समन्वय के साथ राज्य स्तरीय कार्यक्रम के लिए सक्रियता से जुटे हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments