Homeताजा ख़बरबीजेपी को मिला बैठे-बिठाए मुद्दा, निशाने पर कमलनाथ-गांधी परिवार.. नजर चुनाव पर

बीजेपी को मिला बैठे-बिठाए मुद्दा, निशाने पर कमलनाथ-गांधी परिवार.. नजर चुनाव पर

वीडियो देखें-

  • राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का असर कम करने के लिए भाजपा मुद्दे को जोर-शोर से उछाल रही
  • गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा-कमलनाथ को कंडीशनल खेद प्रकट करने की जगह ठोस कार्रवाई करना चाहिए
  • गांधी परिवार के इशारे पर नेता प्रतिपक्ष डॉ गोविंद सिंह बयान का समर्थन कर रहे हैं-नरोत्तम मिश्रा

नीतू साहू, जबलपुर। मध्यप्रदेश के पूर्व मंत्री और कांग्रेस के दिग्गज नेता राजा पटेरिया के बिगड़े बोल का वीडियो सोशल मीडिया में क्या वायरल हुआ, ठंड में भी प्रदेश की राजनीति गरमा गई। भाजपा को बैठे-बिठाए मुद्दा मिल गया और पूरे प्रदेश में भाजपा कार्यकर्ता सडक़ों पर हैं और जगह-जगह विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। इस मुद्दे को भाजपा ने हाथोंहाथ लिया और मुख्यमंत्री से लेकर गृहमंत्री और स्थानीय नेता भी कांग्रेस पर आक्रामक हैं। वहीं कांग्रेस बचाव की मुद्रा में है और इस पूरे मामले से पल्ला झाड़ती नजर आ रही है। पहले कांग्रेस प्रवक्ता केके मिश्रा ने इस पूरे मामले से कांग्रेस को अलग किया। फिर पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने खेद प्रकट कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लंबी उम्र की कामना की। लेकिन भाजपा इससे कहां मानने वाली है। गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने गांधी परिवार और कमलनाथ को निशाने पर लिया। जाहिर सी बात है कि यह मुद्दा इसलिए भी गर्म है क्योंकि अगले 11 माह में प्रदेश में विधानसभा के चुनाव होने हैं। मप्र में हाल ही में राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा भी पहुंची थी। इसका असर कम करने के लिए भाजपा इस मुद्दे को जोर-शोर से उछाल रही है।

राजा पटेरिया की जुबान फिसली, संभाला लेकिन हंगामा तो बरप ही गया

पवई रेस्ट हाउस में जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा मंडल सेक्टर अध्यक्षों की एक बैठक में पूर्व मंत्री राजा पटेरिया की जुबान ऐसी फिसली कि प्रदेश सहित देश की राजनीति गरमा गई। पूर्व मंत्री राजा पटेरिया ने कहा कि मोदी इलेक्शन खत्म कर देगा, मोदी धर्म जाति भाषा के आधार पर बांट देगा और दलित आदिवासियों का भावी जीवन खतरे में है। अगर संविधान को बचाना है तो मोदी की हत्या करने के लिए तत्पर रहो। हालांकि इसके उपरांत राजा पटेरिया अपने शब्दों को संभालते हुए कहते हैं कि हत्या इज दा सेंस हराने का काम करो, क्योंकि जो जीत होती है वह कार्यकर्ता की होती है और जो हार होती है वह सेनापति की होती है। इसके बाद राजा पटेरिया का यह बयान सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो गया। राजा पटेरिया ने वीडियो जारी कर सफाई दी कि वह उनकी आवाज नहीं है, उन्होंने ऐसा कुछ बोला ही नहीं, लेकिन तब तक मामला तूल पकड़ चुका था।
खरगे से लेकर सोनिया गांधी, प्रियंका और राहुल गांधी तक सब मौन
गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि राजा पटेरिया प्रधानमंत्री की हत्या की बात कर रहे हैं। लेकिन कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से लेकर सोनिया गांधी, प्रियंका और राहुल गांधी मौन बैठे हैं। कमलनाथ को कंडीशनल खेद प्रकट करने की जगह ठोस कार्रवाई करना चाहिए। उन्होंने मीडिया से कहा कि गांधी परिवार के इशारे पर नेता प्रतिपक्ष डॉ गोविंद सिंह बयान का समर्थन कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने पूछा-क्या यही है भारत जोड़ो
सीएम शिवराज सिंह चौहान ने मोदी की हत्या की बात कहने वाले पूर्व मंत्री राजा पटेरिया के बयान पर कहा कि मोदी से जीत नहीं सकते तो कांग्रेस हिंसा के लिए उकसा रही है। कांग्रेस का असली चरित्र सामने आया। कांग्रेस भारत जोड़ो यात्रा निकाल रही है, लेकिन अब उसकी सच्चाई जनता के सामने आ गई है। इस पर राज्य सरकार सख्त से सख्त कार्रवाई करेगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments