Homeताजा ख़बरCG में बोले AAP सांसद, BJP-कांग्रेस को देखा, हमें मौका दो, काम...

CG में बोले AAP सांसद, BJP-कांग्रेस को देखा, हमें मौका दो, काम नहीं किया तो जूते मारकर भगा देना

रायपुर। दिल्ली और पंजाब में सरकार बना चुकी आम आदमी पार्टी की नजरें अब मप्र और छत्तीसगढ़ पर टिकी हुई हैं। मप्र में अरविंद केजरीवाल भोपाल से चुनावी बिगुल फूंक चुके हैं, तो रायपुर में भी सभा कर चुके हैं। छत्तीसगढ़ में आप की सक्रियता बढ़ रही है। आप के राष्ट्रीय महामंत्री और राज्यसभा सांसद संदीप पाठक बिलासपुर पहुंचे और सभा को संबोधित करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ की जनता ने भाजपा और कांग्रेस दोनों ही पार्टी को देख लिया है। दोनों दलों के नेताओं को बहुत बार मौका दिया है। लेकिन, हर बार सिर्फ भ्रष्टाचार हुआ है। प्रदेश में खनिज संपदाओं का दोहन हुआ है। उन्होंने कहा कि केजरीवाल को एक मौका देकर देखिए। अगर काम नहीं किया तो जूते मारकर भगा देना। उन्होंने दावा किया कि इस बार आम आदमी पार्टी छत्तीसगढ़ में दमखम के साथ चुनाव लड़ेगी और सरकार बनाएगी।
जनता केजरीवाल को एक मौका देने जा रही
संदीप पाठक ने कहा कि छत्तीसगढ़ की जनता ने कांग्रेस और भाजपा को कई बार मौक़ा दिया पर हर बार इन्होंने जनता के विश्वास को तोड़ा है। जनता को केजरीवाल जी के काम खूब पसंद आ रहे हैं। रायपुर ज़ोन के कार्यकर्ताओं ने भी कमर कस ली है। आने वाले चुनाव में, जनता अरविंद केजरीवाल जी को एक मौका देने जा रही है।
भाजपा-कांग्रेस एक जैसे
उन्होंने कहा कि प्रदेश में खुल्लम-खुल्ला भ्रष्टाचार का खेल चल रहा है। चार साल में कांग्रेस सरकार तामझाम दिखाने में लगी रही। अब कुर्सी बचाने के लिए आंकड़ों का खेल कर खुद को साबित करने की कोशिश कर रही है। जैसा भ्रष्टाचार भाजपा के शासनकाल में हुआ, उसी तरह कांग्रेस सरकार ने भी चार साल में सिर्फ लूट और भ्रष्टाचार का खेल किया है। दोनों ही दलों में न कोई जांच न कोई सजा।
आप बनाएगी 5 लाख सदस्य
आप के राष्ट्रीय महामंत्री और राज्यसभा सांसद संदीप पाठक ने बताया कि राज्य में महासदस्यता अभियान के तहत एक माह में और 5 लाख सदस्य बनाने का लक्ष्य रखा गया है। लगभग बीस हजार गांवों में आम आदमी पार्टी अपने यूनिटों में इंचार्ज और सदस्य बनाने की प्रक्रिया जोरशोर से चला रही है। पूरे प्रदेश के 455 ब्लॉक अध्यक्षों व पदाधिकारियों को चार चरणों में प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments