Homeताजा ख़बरसर्वे पर गरमाई मप्र की राजनीति, राहुल बोले-आएगा तूफान, बीजेपी बोली-उड़ जाएगा...

सर्वे पर गरमाई मप्र की राजनीति, राहुल बोले-आएगा तूफान, बीजेपी बोली-उड़ जाएगा हाथ

देखें राहुल ने क्या दावा किया-

  • दिग्विजय सिंह के भाई लक्ष्मण सिंह ने कांग्रेस को दिखाया आईना, कहा-17 पूर्व मंत्री और 37 विधायक ही जीत पाएंगे चुनाव
  • राहुल गांधी बोले-लिखकर देता हूं, मप्र में जीतेगी कांग्रेस, मीडिया से कहा-लक्ष्मण सिंह से शर्त लगा लें

भोपाल। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के भाई लक्ष्मण सिंह ने कथित सर्वे के बहाने कांग्रेस को आईना दिखाया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के आंतरिक सर्वे में कमलनाथ सरकार के 17 पूर्व मंत्री और 37 विधायक ही चुनाव जीत पाएंगे। विपक्ष में रहने और भारत जोड़ो यात्रा निकालने के बाद भी यह हाल है। यह स्थिति क्यों बनी? शीर्ष नेतृत्व ही इसका उत्तर दे सकता है। लक्ष्मण सिंह के इस ट्वीट के बाद प्रदेश की राजनीति गर्मानी ही थी। भाजपा ने लक्ष्मण सिंह के इस ट्वीट को हाथोंहाथ लिया और लक्ष्मण सिंह को सराहा भी। उनके इस बयान पर प्रदेश कांग्रेस ने कह दिया कि ऐसा कोई सर्वे तो हुआ ही नहीं। इस नुकसान की भरपाई के लिए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ को सामने आना पड़ा। उन्होंने दावे के साथ कहा कि कांग्रेस को तो 150 सीटें मिलेंगी। अब मप्र के दंगल में राहुल गांधी भी कूद पड़े और दावा कर दिया कि जीतेगी तो कांग्रेस ही। बहरहाल ये पूरा माइंड गेम चल रहा है और दोनों पार्टियां खुद को जीता हुआ दिखाना चाहती हैं।

राहुल ने कहा-लिखकर देता हूं, मप्र में जीतेगी कांग्रेस

भारत जोड़ो यात्रा पर निकले पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने पत्रकारों से दावा किया मध्य प्रदेश के चुनावों को जीतेगी कांग्रेस और मैं यह लिखकर देता हूं। वहां भाजपा दूर-दूर तक कहीं दिखाई नहीं देगी। मध्य प्रदेश में तूफान आया हुआ है। भाजपा ने पैसा देकर सरकार बनाई है जिससे पूरा प्रदेश गुस्से में है।

राहुल बोले-लक्ष्मण सिंह से शर्त लगा लो

राहुल गांधी से जब मीडिया ने पूछा कि कांग्रेस विधायक लक्ष्मण सिंह कह रहे हैं कि मप्र में कांग्रेस की 50 से अधिक सीटें ही आएंगी तो राहुल ने कहा कि आप उनसे शर्त लो। तगड़ी शर्त लगा लो, मप्र में कांग्रेस ही जीतेगी।

नरोत्तम बोले-कांग्रेस से जनता जोड़ लेगी हाथ

गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि कांग्रेस में विचित्र स्थिति है। कमलनाथ ने विधानसभा से हाथ जोड़ लिए, डॉ. गोविंद सिंह और लक्ष्मण सिंह भी कांग्रेस से हाथ जोड़ रहे हैं। अब मध्यप्रदेश में 2023 के विधानसभा चुनाव में जनता भी कांग्रेस से हाथ जोड़ लेगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments