Homeताजा ख़बरशिवराज बोले-कांग्रेस की समस्या बने राहुल गांधी, कमलनाथ ने कहा-षड्यंत्र से मजबूत...

शिवराज बोले-कांग्रेस की समस्या बने राहुल गांधी, कमलनाथ ने कहा-षड्यंत्र से मजबूत होंगे राहुल

भोपाल। राहुल गांधी की संसद सदस्यता खत्म होने पर मप्र की सियासत भी गर्मा गई है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने राहुल गांधी पर जमकर हमला बोला और उनके पिछले बयान और क्रियाकलाप याद दिलाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस देश के लिए और राहुल कांग्रेस के लिए मुसीबत बन गए हैं। वहीं पूर्व सीएम व कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कमलनाथ ने इसे भाजपाई षड़यंत्र करार देते हुए कहा कि कांग्रेस इन षंड़यंत्रों से मजबूती के साथ बाहर निकलेगी।
कांग्रेस के लोग मुंह पर ताला लगाकर बैठे-शिवराज
सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि आज कांग्रेस के लोग मुंह पर ताला लगाकर बैठे हैं। राहुल गांधी, आपने उस समय अपने मुंह पर ताला क्यों नहीं लगाया, जब आपने मोदी, मोदी जाति के बारे में अपमानजनक बातें कही? आपने ओबीसी का अपमान किया। आपको ओबीसी के अपमान का हक किसने दिया? क्या पिछड़े वर्ग में पैदा होना पाप है? राहुल गांधी, यह ताला आपके मुंह पर तब लगना चाहिये, जब आपने न्यायपालिका का अपमान किया था। आपने कहा कि मैं दुर्भाग्य से सांसद हूं। संसद का अपमान किया। आपने संसद सदस्य रहते हुए कुछ कहने के बाद जिस ढंग से आंख मारी थी, वो पूरे हिन्दुस्तान ने देखी थी। क्या यह सांसद की गरिमा है? आप पहले भी विवादित बयान देते रहे हैं। आपने पंजाब और यूपी के युवाओं का मजाक उड़ाया, मंदिर में जाने वालों को छेड़खानी करने वाला बताया। सर्जिकल स्ट्राइक और सेना पर भी आपने सवाल उठाया। जब मनमोहन सिंह प्रधानमंत्री थे, तब आपने ऑर्डिनेंस फाड़कर उनका अपमान किया था। यह ताला आपके और कांग्रेसियों के मुंह पर क्यों नहीं लगा? आज ताला लगाने की नौटंकी कर रहे हैं। सही बात यह है कि आज कांग्रेस देश के लिए समस्या है और कांग्रेस की समस्या राहुल गांधी हैं।
मोदी सरकार ने षड्यंत्र की सारी हदें पार कर दी हैं-कमलनाथ
पूर्व सीएम कमलनाथ ने कहा कि नरेंद्र मोदी सरकार ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ षड्यंत्र करने में सारी हदें पार कर दी हैं। जिस तरह से उनकी लोकसभा सदस्यता रद्द की गई है, उससे स्पष्ट है कि मोदी सरकार राहुल गांधी से भयभीत है। सरकार उनके उठाए सवालों का जवाब देने के बजाय उन्हें लोकसभा से दूर करने का रास्ता तलाश रही थी। आज का दिन भारतीय लोकतंत्र के लिए अत्यंत दुख और पीड़ा का दिन है। लेकिन एक बात अच्छी तरह याद रखनी चाहिए कि ऐसे ही षड्यंत्र स्वर्गीय इंदिरा गांधी के खिलाफ भी किए गए थे, लेकिन उससे इंदिरा मजबूत ही हुई थी, कमजोर नहीं। आज भारत की जनता पहले से कहीं मजबूती के साथ श्री राहुल गांधी के साथ खड़ी है। इंसाफ होकर रहेगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments