Homeताजा ख़बरMP : सदन में महू की घटना, ओलों से तबाही और पेपर...

MP : सदन में महू की घटना, ओलों से तबाही और पेपर लीक की गूंज, कांग्रेस ने किया वॉक आउट

भोपाल। मध्यप्रदेश विधानसभा के बजट सत्र के 11वें दिन विपक्ष ने सरकार को महू की घटना, ओलों से तबाह फसल, 10वीं-12वीं के पेपर लीक होने पर घेरा। नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह ने कहा कि 20 लाख स्टूडेंट्स के भविष्य से खिलवाड़ हो रहा है। बच्चों की फीस वापस की जाए। ओलों से किसान बर्बाद हो गए, अब तक सर्वे शुरू नहीं हुआ। राजस्व अधिकारियों की हड़ताल रोकने के लिए सरकार ने कोई पहल नहीं की। कांग्रेस इन दोनों मुद्दों को लेकर वॉकआउट करती है।
नरोत्तम बोले-घड़ियाली आंसू, भूपेंद्र सिंह ने पूछा-आपने तो एक पैसा नहीं दिया
कांग्रेस के वॉकआउट पर संसदीय कार्यमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा, ये तरीका ठीक नहीं। बिना जवाब सुने वॉकआउट करते हैं। इनके दोनों नेता कमलनाथ और दिग्विजय सिंह एक भी खेत में नहीं गए। ये घडियाली आंसू बहाते हैं। मंत्री भूपेंद्र सिंह ने कहा कि सभी किसानों को पर्याप्त राहत मिलेगी। राहत राशि भी हमारी सरकार ने पूर्व में बढ़ाने का काम किया। कांग्रेस सिर्फ आरोप लगाने का काम करती है, उनके समय पर भी ओलावृष्टि हुई थी, एक पैसा किसानों को नहीं दिया, हम तो पैसा दे रहे हैं।
जिनके घरों पर बुलडोजर चले, उनकी कानूनी लड़ाई कांग्रेस लड़ेगी
नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह ने सदन शुरू होने से पहले कहा, जिनके घरों पर बुलडोजर उनकी कानूनी लड़ाई कांग्रेस लड़ेगी। ऐसे लोग हमसे मिलें, हम सुप्रीम कोर्ट तक उनके लिए लड़ेंगे। सजा देने का काम न्यायपालिका का है, मुख्यमंत्री का नहीं। महू घटना के दोषियों पर बुलडोजर नहीं चला, सिर्फ निर्दोषों के घर बुलडोजर चलाया जा रहा है।
किसानों के मुद्दो पर हो दो दिन चर्चा
कालापीपल से कांग्रेस विधायक कुणाल चौधरी ने कहा, सरकार मुंह चलाने की जगह काम पर ध्यान दे। सदन में सारे काम रोककर सिर्फ दो दिन किसानों पर चर्चा होना चाहिए। कांतिलाल भूरिया ने कहा, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने कहा था कि मैं एक-एक पैसा किसानों का चुकाऊंगा। अब इसका समय आ गया है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments