Homeताजा ख़बरमोदी जी.. आ रहे हैं हम.. स्वागत नहीं करोगे हमारा..?

मोदी जी.. आ रहे हैं हम.. स्वागत नहीं करोगे हमारा..?

  • दक्षिण अफ्रीका से आ रहे 12 चीते, इस बार नहीं आएंगे प्रधानमंत्री मोदी
  • 18 फरवरी को सीएम शिवराज सिंह चौहान और केंद्रीय वन मंत्री भूपेंद्र सिंह कूनो आ रहे हैं

भोपाल। नामीबिया से आए 8 चीते अपने भाग्य पर इठला रहे होंगे, क्योंकि उनका स्वागत करने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जो आए थे। अब दक्षिण अफ्रीका से 12 चीते और आ रहे हैं, जिनका स्वागत मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और केंद्रीय वन मंत्री भूपेंद्र पटेल करेंगे। बहरहाल मध्य प्रदेश इसके साथ ही चीता स्टेट भी बन गया है। देश का इकलौता राज्य जहां लाकर चीते बसाए गए हैं। 75 साल का इंतजार तो पहले ही पूरा हो गया है। बस अब तीसरी खुशखबरी यानि कि चीतों के संसार में नन्हें मेहमानों की है, तो उसके लिए थोड़ा इंतजार करना पड़ेगा। हां, कूना पार्क में चीतों के दीदार के लिए अभी भी इंतजार है। फिलहाल इन चीतों को मेहननवाजी का मजा लेने दीजिए और बस तस्वीरें देखकर ही खुश हो जाईए।

चीतों ने मनाया था मोदी जी का जन्मदिन

भारत में पहली बार कूनो अभयारण्य में 22 सितंबर 2022 में 8 चीते नामीबिया से लाए गए थे। इन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने जन्मदिन के मौके पर बड़े बाड़े में रिलीज किया था। तब पूरे देश में चीतों की चर्चा हुई थी। पीएम मोदी ने चीता मित्रों को भी संबोधित किया था और उनका विशेष ध्यान रखने के लिए कहा था। अब चीतों की दूसरी खेप दक्षिण अफ्रीका से आ रही है। कूनो में अब चीतों की संख्या 8 से बढ़कर 20 हो जाएगी।

कूनो तैयार, भारत आकर ही खाएंगे खाना

देश में चीतों के इकलौते घर कूनो अभयारण्य में 12 नए चीता आने वाले हैं। ये चीते दक्षिण अफ्रीका से विशेष अनुबंध के तहत लाए जा रहे हैं। इन्हें दक्षिण अफ्रीका में भोजन करा दिया गया है। अब इन्हें भारत में 18 फरवरी को खुराक दी जाएगी। चीतों का स्वागत करने के लिए सीएम शिवराज सिंह चौहान के साथ केंद्रीय वन मंत्री भूपेंद्र पटेल भी होंगे। वे इन चीतों का कूनो में स्वागत करेंगे और उन्हें बाड़े में रिलीज करेंगे।

भरपेट भोजन नहीं दिया

दक्षिण अफ्रीका में 12 चीतों की स्वास्थ्य की जांच की गई। इसके बाद उन्हें खाना यानि कि मांस खिलाया गया। चूंकि चीते दो-तीन दिन में एक बार ही खाते हैं, इसलिए अब ये सीधे 18 फरवरी को भारत की धरती पर आकर ही खाना खाएंगे। इस बीच पेट में ज्यादा खाना नहीं होने से इन्हें फ्लाइट में भी असुविधा भी नहीं होगी। दक्षिण अफ्रीका से चीते 17 फरवरी की शाम को उड़ान भरेंगे। इन्हें लेने के लिए एयरफोर्स का विशेष विमान एकदम तैयार रहेगा। दक्षिण अफ्रीका के ओआर टैम्बो एयरपोर्ट से चीतों को लेकर एयर फोर्स का ये जहाज 18 फरवरी की सुबह 10 बजे ग्वालियर एयरपोर्ट बेस पहुंचेगा। 11 बजे सभी चीतों को एयरफोर्स के मालवाहक हेलिकॉप्टर से कूनो ले जाया जाएगा। दोपहर 12.30 बजे तक इन्हें क्वारेंटाइन बाड़ों में रिलीज कर दिया जाएगा।

10 साल में 100 से ज्यादा चीते हो जाएंगे

दरअसल भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच चीते लाने का करार हुआ था। अब 8 से 10 वर्षों तक हर साल 12 चीते भारत लाए जाएंगे। इसके बाद देश में यानि कि मध्यप्रदेश में चीतों की संख्या और भी बढ़ेगी। एक खुशखबर यह भी है कि इनमें भी एक या दो मादा चीता प्रेग्नेंट बताए जा रहे हैं। यहां 10 साल में 100 से ज्यादा चीते हो जाएंगे तो कूनो का जंगल आबाद हो जाएगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments