Sunday, June 4, 2023
HomeLatest Newsलालू यादव ने BJP को पार्टी मानने से ही कर दिया इंकार,...

लालू यादव ने BJP को पार्टी मानने से ही कर दिया इंकार, पढ़ें क्या बोले

महागठबंधन की रैली में बोले लालू, दोनों आरक्षण विरोधी, हम एक रहेंगे तो ये कुछ नहीं कर पाएंगे

पटना। पूर्व रेल मंत्री और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव काफी दिनों बाद सक्रिय राजनीति में नजर आए। वे पिछले कुछ सालों से जेल में थे। इसके बाद तबीयत खराब हुई, तो इलाज के लिए विदेश जाना पड़ गया। अब बिहार में राजनीतिक उठापटक के बीच लालू फिर प्रकट हुए हैं। पूर्णिया में महागठबंधन की रैली में लालू यादव तो नहीं पहुंचे, लेकिन उन्होंने दिल्ली से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए लोगों को संबोधित किया। पूर्णिया में महागठबंधन की महारैली में सात दल शामिल हुए। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, लालू यादव और डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने भाजपा और आरएसएस को निशाने पर लिया। साथ ही कहा कि अगर सब मिलकर लड़े तो भाजपा को हराया जा सकता है। वहीं लालू यादव ने तो बीजेपी को पार्टी मानने से ही इन्कार दिया। उन्होंने कहा कि बीजेपी कोई पार्टी नहीं है, वह तो आरएसएस का मुखौटा है। उन्होंने लोगों से कहा कि भाजपा और आरएसएस घोर आरक्षण विरोधी हैं। इसलिए एक साथ रहिए। साथ रहेंगे तो ये लोग कुछ नहीं कर पाएंगे।
मोदी की विदाई की बेला आई
लालू यादव ने भविष्यवाणी करते हुए कार्यकर्ताओं से कहा कि देश से नरेंद्र मोदी सरकार की विदाई का समय आ चुका है। हम और नीतीश एक हो गए हैं। अब हमेशा साथ रहेंगे। 2024 में रिकॉर्ड तोड़ना है। लालू यादव ने याद दिलाया कि बिहार वालों के साथ मिलकर मैंने भाजपा के रथ को रोका था। बिहार की करवट पर देश में हवा बदलती है। इसलिए यहां से हमें भाजपा को हटाने का काम करना है।
नीतीश बोले-सिर्फ बीजेपी बोलती है
नीतीश कुमार ने भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि इन्होंने देश पर कब्जा कर लिया है। कोई भी काम देशहित में नहीं कर रहे हैं। अमित शाह पर उन्होंने कहा कि यहां आकर क्या-क्या बोल दिया कि हमने ये विकास किया-वो विकास किया। पिछले चुनाव में इन लोगों ने बिहार के विकास के लिए मदद करने का वादा किया था, लेकिन कोई मदद नहीं की। नीतीश कुमार ने फिर विपक्ष के एकजुट होने की बात कही। उन्होंने कांग्रेस से कहा कि वह तय करे कि अगर हम सभी एकजुट हों तो 2024 में भाजपा को 100 से ज्यादा सीटें नहीं मिलेंगी। वहीं तेजस्वी यादव ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि जब-जब बिहार लड़ता है तब-तब दिल्ली हारता है। ये बिहार में महाराष्ट्र वाला खेल करना चाहते थे, सीबीआई का डर दिखा रहे थे। हमें मिलकर इन लोगों को देश से बाहर करना है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments