Homeताजा ख़बरजैन मुनि बोले-शिवराज दिल्ली तक जाएं.. पढ़ें क्या हैं इसके मायने

जैन मुनि बोले-शिवराज दिल्ली तक जाएं.. पढ़ें क्या हैं इसके मायने

आचार्य जय सागर जी महाराज ने कहा-शिवराज सिंह चौहान देश के सबसे अधिक लोकप्रिय मुख्यमंत्रियों में से एक

भोपाल। मंडला के पिंडरई में पंच कल्याणक गजरथ महोत्सव चल रहा है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी इस कार्यक्रम में वर्चुअली शामिल हुए। इस दौरान आचार्य जय सागर जी महाराज ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश में गरीब कल्याण, बेटी बचाओ तथा स्वच्छता के क्षेत्र में प्रभावशाली कार्य जारी है। समाज सेवा और जन-कल्याण के लिए प्रदेश में संचालित जन-कल्याणकारी कार्यक्रमों के लिए मुख्यमंत्री चौहान सराहना के पात्र हैं। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान देश के सबसे अधिक लोकप्रिय मुख्यमंत्रियों में से एक हैं। उन्होंने यह भी आशीर्वाद दे दिया कि शिवराज अपना सफर तय करते हुए केंद्र की दिल्ली सरकार तक जाएं। हालांकि उन्होंने यह स्पष्ट नहीं कहा कि दिल्ली में केंद्रीय मंत्री बनें या प्रधानमंत्री।
जो दूसरों को जीते वह वीर, जो अपने आपको जीते वह महावीर : शिवराज
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने गुजरात गौरव परम पूज्य निग्रंथ भट्टारक आचार्य श्री 108 जय सागर का आशीर्वाद प्राप्त किया। शिवराज ने कहा कि जो दूसरों को जीते वह वीर, जो अपने आप को जीते वह महावीर, जो महावीर वही जितेन्द्रिय, जो जितेन्द्रिय वह जिन और जो जिन वही जैन है। उन्होंने कहा कि जिनालय, मंदिर तथा अन्य धर्म स्थान, आस्था के केन्द्र हैं। यही समाज को दिशा देने और व्यक्तियों को सन्मार्ग पर चलाने के लिए उपयुक्त मार्गदर्शन देने का कार्य कर रहे हैं। लोगों को सद्बुद्धि मिले, वे व्यसन मुक्त जीवन व्यतीत करें, इस दिशा में विशेष प्रयास की आवश्यकता है। भौतिकता की अग्नि में दग्ध मानवता को शांति मार्ग का दिग्दर्शन भारत ही कराएगा और इस कार्य के लिए जय सागर जी महाराज जैसे प्रभावी व्यक्तित्वों की देश को आवश्यकता है। मुख्यमंत्री ने प्रदेश में गरीब, महिला और बेटियों के लिए संचालित विभिन्न योजना, कार्यक्रम और प्रदेश में आरंभ होने वाली लाड़ली बहना योजना की जानकारी दी।
पंच कल्याणक गजरथ महोत्सव आरंभ
मंडला के पिंडरई में पंच कल्याणक गजरथ महोत्सव 5 फरवरी से आरंभ हुआ है। महोत्सव में भगवान के जन्म से लेकर मोक्ष तक के जीवन-काल के विषय में चर्चा की जाती है। गजरथ में भगवान नए मंदिर के निर्माण के बाद नगर भ्रमण करते हैं, जिसमें हाथियों की सवारी के माध्यम से रथ निकाला जाता है। कार्यक्रम में पुलक सागर जी, मंडला विधायक देवसिंह सैयाम, जिला पंचायत सदस्य श्रद्धा प्रणय जैन और सामाजिक कार्यकर्ता प्रमोद सिंघई विशेष रूप से उपस्थित थे।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments