Homeताजा ख़बरइंदौर हादसा : मजिस्ट्रीयल जांच की जिम्मेदारी अपर कलेक्टर को सौंपी, 15...

इंदौर हादसा : मजिस्ट्रीयल जांच की जिम्मेदारी अपर कलेक्टर को सौंपी, 15 दिन में सौंपेंगे रिपोर्ट

कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी डॉ. इलैयाराजा टी ने दिए आदेश, जांच के बिंदु तय
इंदौर। इंदौर में श्री बेलेश्वर महादेव झूलेलाल मंदिर में स्नेहनगर के पास पटेल नगर में रामनवमी के अवसर पर हुई बावड़ी धसने की घटना की मजिस्ट्रीयल जांच के आदेश कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी डॉ. इलैयाराजा टी ने दिए हैं। उन्होंने इस जांच की जिम्मेदारी अपर कलेक्टर अभय बेड़ेकर को सौंपी है। कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी डॉ. इलैयाराजा टी ने जांच के बिन्दु भी तय कर लिए हैं। बताया गया कि यह जांच मृतकों की किन परिस्थितियों में मृत्यु हुयी? उक्त घटित सम्पूर्ण घटना का घटनाक्रम क्या था? उक्त घटित सम्पूर्ण घटनाक्रम में क्या परिस्थितियां थीं और इसके लिए कौन जिम्मेदार है? भविष्य में इस प्रकार की घटना की पुनरावृत्ति न हो, इस हेतु सुझाव, अन्य कोई बिन्दु जांच के दौरान प्रकाश में आता है तो उसके संबंध में अभिमत, बिन्दुओं पर की जाएगी। इसकी जांच 15 दिन में पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं।
जल संसाधन मंत्री सिलावट ने दुर्घटना पर जताया गहरा दुख
जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने मंदिर की बावड़ी में हुई दुर्घटना पर गहरा दुख जताया है। सिलावट घटना की जानकारी मिलते ही घटना स्थल पहुंचे। वहां उन्होंने संभागायुक्त डॉ. पवन कुमार शर्मा, पुलिस कमिश्नर मकरंद देउस्कर, कलेक्टर डॉ. इलैयाराजा टी व नगर निगम आयुक्त प्रतिभा पाल से चर्चा कर बचाव कार्य की जानकारी ली। उन्होंने प्रभावितों के परिजनों से भी चर्चा की और उन्हें ढांढस बंधाया। सिलावट ने मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान से चर्चा की। उन्होंने घटना के बारे में बताया तथा बचाव कार्य के संबंध में जानकारी दी। सिलावट दुर्घटना में घायल मरीजों से मिलने एप्पल हॉस्पिटल और एमवाय हॉस्पिटल भी पहुंचे। इस दौरान उनके साथ सांसद शंकर लालवानी भी थे। यहां उन्होंने घायल मरीजों से चर्चा की और उन्हें उपलब्ध कराये जा रहे इलाज की जानकारी ली। उन्होंने घटना के बारे में भी जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों और चिकित्सकों को निर्देश दिये कि घायलों का बेहतर से बेहतर इलाज किया जाये। इलाज में किसी भी तरह की कमी नहीं रखी जाये।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments