HomeजबलपुरBJP के विरोध में CONGRESS अब शुरू करेगी "प्रश्न पूछो और विकास...

BJP के विरोध में CONGRESS अब शुरू करेगी “प्रश्न पूछो और विकास ढूंढो यात्रा”

  • चिंटू चौकसे के नेतृत्व में केंट के हर वार्ड में निकालेगी यात्रा
  • कहा-कैंट विधानसभा में कोई भी विकास नहीं हुआ इसीलिए विधायक को अधिकारियों को ले जाकर प्रमाण देना पड़ रहा

जबलपुर। भाजपा पूरे प्रदेश में विकास यात्रा निकाल रही है, तो जवाब में कांग्रेस भी हाथ से हाथ जोड़ो यात्रा निकाल रही है। वहीं स्थानीय स्तर पर विकास यात्रा के जवाब में कई यात्राएं निकाली जा रही हैं। यह सब विधानसभा चुनाव के मद्देनजर हो रहा है। केंट में पूर्व कैंट बोर्ड उपाध्यक्ष अभिषेक चिंटू चौकसे ने पिछले दिनों विकास की शवयात्रा निकाली थी। अब वे प्रश्न पूछो यात्रा और विकास ढूंढो यात्रा निकालने की तैयारी में हैं। जाहिर सी बात है कि केंट में पिछले कई चुनावों से भाजपा जीतती आई है। चिंटू चौकसे यहां से टिकट हासिल कर चुनाव जीतने के लिए जीतोड़ मेहनत कर रहे हैं, ताकि भाजपा के गढ़ में सेंध लगाई जा सके।
विधानसभा चुनाव के लिए रणनीति बनाई
कैंट विधानसभा 99 अंतर्गत पूर्व कैंट बोर्ड उपाध्यक्ष अभिषेक चिंटू चौकसे के नेतृत्व में कैंट ब्लॉक कांग्रेस, महिला ब्लॉक कांग्रेस, मंडलम सेक्टर के पदाधिकारियों का स्वागत किया गया। इसके अलावा आगामी 2023 विधानसभा चुनाव के लिए सक्रिय रणनीति बनाई। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश भाजपा की विकास यात्रा निकाली जा रही है उसके विरोध में केंट कांग्रेस प्रश्न पूछो यात्रा एवं विकास ढूंढो यात्रा हर वार्ड में निकालेगी और भाजपा को बेनकाब करेगी।
विकास नहीं हुआ तो कैसी यात्रा
पूर्व कैंट बोर्ड उपाध्यक्ष अभिषेक चिंटू चौकसे ने कहा कि भाजपा विकास यात्रा हर वार्ड में निकाल रही है लेकिन कैंट विधानसभा में ऐसा कोई भी विकास नहीं हुआ इसीलिए कैंट विधायक को अधिकारियों को ले जाकर जनता के सामने प्रमाण दिया जा रहा है कि केंट में विकास हुआ है। केंट विधानसभा में इतनी बड़ी फैक्ट्रियों का निजीकरण हो गया तब केंट विधायक द्वारा कुछ नहीं किया आज तक केंट विधानसभा में कोई रोजगार नहीं निकला। पिछले कई सालों से जो क्षेत्र में जैसा था आज भी वैसा ही है। इसीलिए कैंट कांग्रेस द्वारा प्रश्न पूछो यात्रा निकाली जाएगी।
विकास यात्रा से आम जनता परेशान
उन्होंने कहा कि भाजपा द्वारा जो विकास यात्रा निकाली जा रही है उसमें आम जनता को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कैंट विधायक द्वारा कलेक्ट्रेट के अधिकारियों को क्षेत्र में ले जाया जाता है जन समस्याओं के लिए लेकिन उनका कोई भी निराकरण नहीं होता है और उसके बाद जिला कलेक्ट्रेट में जो भी आमजन पहुंचते हैं वहां पर कोई भी अधिकारी मौजूद नहीं हो रहे हैं जिससे कि आम लोगों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। कार्यक्रम में किरण लखन ठाकुर, अमर चंद बावरिया, तरन कश्यप, सुनीता रैकवार, शरद शर्मा, संतोष विनोदिया, राजेश चौबे आदि कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थे।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments