Wednesday, May 31, 2023
HomeLatest Newsलालच बुरी बला... मुर्गे के लालच में तेंदुए की जगह खुद पिंजरे...

लालच बुरी बला… मुर्गे के लालच में तेंदुए की जगह खुद पिंजरे में फंसा युवक, पढ़ें खबर, देखें VIDEO

  • वन विभाग ने तेंदुए को पकड़ने के लिए लगाया था पिंजरा, लोगों ने वीडियो बनाकर किया वायरल

बुलंदशहर। कहते हैं लालच इंसान को अंधा बना देता है। वैसे भी कहा जाता है कि लालच बुरी बला होती है। लेकिन फिर भी इंसान फंस ही जाते हैं। ऐसा ही कुछ हुआ उत्तर प्रदेश के जनपद बुलंदशहर में। थाना औरंगाबाद क्षेत्र के बिसुन्दरा गांव में तेंदुए के लिए लगाए गए पिंजरे में एक ग्रामीण फंस गया। दरअसल वन विभाग ने तेंदुए के लिए जाल बिछाया था। इसके लिए पिंजरे में एक जिंदा मुर्गे को भी रखा गया था, लेकिन जाल में तेंदुआ नहीं बल्कि एक इंसान फंस गया। लोगों ने पिंजरे में फंसे युवक का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया.
जैसे ही पकड़ने के लिए घुसा तो बंद हो गया पिंजरा
इलाके में तेंदुए के पंजे के निशान दिखने के बाद वन विभाग की तरफ से उसे पकड़ने के लिए पिंजरा लगाया गया था। तेंदुए को जाल में फंसाने के लिए उसमें एक जिंदा मुर्गा भी रखा गया था, लेकिन सुबह पिंजरे में तेंदुआ नहीं बल्कि एक इंसान फंसा मिला। इसके बाद वन विभाग की टीम भी हैरान हो गई। बताया जा रहा है कि ग्रामीण ने पिंजरे में जिंदा मुर्गे को देखकर उसे लालच आ गया। जैसे ही वह उसे पकड़ने के लिए पिंजरे में घुसा तो वह बंद हो गया।
पूरी रात पिंजरे में गुजारी
युवक अपने लालच की वजह से इसके बाद पूरी रात उसे पिंजरे में ही गुजारनी पड़ी। सुबह जब ग्रामीणों ने पिंजरे में तेंदुए की जगह एक इंसान को देखा तो वहां भीड़ इकट्ठा हो गई। लोगों ने तेंदुए के लिए लगाए गए पिंजरे में कैद इंसान का वीडियो बनाया और फिर उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया है। पूरा मामला औरंगाबाद थाना क्षेत्र का है। अब यह घटना इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments