HomeजबलपुरBJP ने धरना देकर कहा-महापौर को नगर निगम में नहीं घुसने देंगे

BJP ने धरना देकर कहा-महापौर को नगर निगम में नहीं घुसने देंगे

  • विकास यात्रा खत्म होते ही भाजपा पार्षद व नेता प्रतिपक्ष ने जताई नाराजगी
  • कहा-महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू शहर के विकास के कार्यों के प्रति गंभीर नहीं हैं

जबलपुर। प्रदेश के साथ जबलपुर में भी विकास यात्रा खत्म हो चुकी है। इसी के साथ भाजपा और कांग्रेस में राजनीति का नया दौर शुरू हो चुका है। जबलपुर नगर निगम के विपक्ष में बैठे भारतीय जनता पार्टी के पार्षदों ने सोमवार को महापौर कार्यालय के सामने एक दिवसीय धरना दे दिया। उन्होंने महापौर के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर अपनी नाराजगी जताई। भाजपा पार्षदों का आरोप है कि महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू शहर के विकास के कार्यों के प्रति गंभीर नहीं हैं। वे सिर्फ आयोजनों में ही अपना पूरा वक्त लगा रहे हैं। चुनाव के दौरान उन्होंने जनता से जो वादे किए थे उन पर अभी भी काम शुरू नहीं हुआ है।
नर्मदा तटों पर नहीं लगाए सीवर प्लांट
नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष कमलेश अग्रवाल ने आरोप लगाया है कि महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू मनमानी कर रहे हैं। इस वजह से क्षेत्रीय पार्षदों के काम नहीं हो रहे हैं। जल्द ही उन्होंने अपना रवैया नहीं सुधारा तो भाजपा पार्षद दल उन्हें नगर निगम में प्रवेश नहीं करने देगा। उन्होंने कहा कि महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू 8 माह पूर्व चुनकर आए थे और इस दौरान उन्होंने नर्मदा को प्रदूषण मुक्त बनाने का वचन दिया था लेकिन अभी तक नर्मदा तटों पर सीवर प्लांट नहीं लगाए गए हैं। इसी तरह जनता को दी जाने वाली अन्य सुविधाओं पर भी काम शुरू नहीं हुआ है।
महापौर बोले-घबराई हुई है भाजपा
वहीं महापौर जगत बहादुर अन्नू ने भाजपा पार्षद दल के इस धरने को लेकर तंज कसा है। उन्होंने कहा कि 20 सालों में भाजपा का महापौर शहर की किसी भी गली में नहीं पहुंचे। जो काम मेरे रहते 6 महीने में हुए, वे भाजपा 20 सालों में भी नहीं कर पाई। यही कारण है कि भाजपा पार्षद दल ये धरना प्रदर्शन कर रही है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments