Homeताजा ख़बरएम्स खुला नहीं और छत्तीसगढ़ में शुरू हो गया बवाल, मुंडवाए सिर

एम्स खुला नहीं और छत्तीसगढ़ में शुरू हो गया बवाल, मुंडवाए सिर

  • भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव पर सरगुजा की उपेक्षा का लगाया आरोप
  • बिलासपुर में एम्स खोलने की बात पर जताई नाराजगी, आम जनता की कोई फिक्र नहीं

रायपुर। बिलासपुर में स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने हाल ही में कहा था कि केंद्र सरकार ने फैसला लिया है कि बड़े राज्यों में एक से अधिक एम्स खोले जाएंगे। चूंकि रायपुर एम्स पर काम का बोझ बढ़ गया है। बिलासपुर में एम्स खुलने से तीन संभाग के लोगों को लाभ मिलेगा। हालांकि इस पर फैसला केंद्र सरकार को लेना है। छत्तीसगढ़ में एम्स खुलने का प्रस्ताव आया तो सरकार इसके लिए बिलासपुर का नाम प्रस्तावित करेगी। उनके इस बयान पर अब बवाल शुरू हो गया है। भले ही एम्स खुलना अभी दूर की कौड़ी हो, लेकिन भाजपा कार्यकर्ताओं ने इसका विरोध करना शुरू कर दिया है। अंबिकापुर में भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन किया। उन्होंने सिंहदेव के इस बयान का विरोध किया। सरगुजा की उपेक्षा का आरोप लगाते हुए भाजयुमो ने मुंडन भी कराया।

सरगुजा संभाग से आने वाले मंत्री सिंहदेव को जनता की कोई फिक्र नहीं

भाजयुमो पदाधिकारियों ने स्वास्थ्य मंत्री को विकास विरोधी बताते हुए जमकर नारेबाजी की। भाजपा जिला महामंत्री अभिमन्यु गुप्ता और भाजपा के वरिष्ठ नेता त्रिलोक कपूर कुशवाहा मौजूद रहे। इन नेताओं की मौजूदगी में भाजयुमो पदाधिकारियों ने अपना सिर मुंडवाकर कराकर तीखा विरोध जताया। भाजपा प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य भारत सिंह सिसोदिया ने कहा कि सरगुजा संभाग से आने वाले स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव को यहां रहने वाली आम जनता की कोई फिक्र नहीं है। बिलासपुर क्षेत्र में पहले से अपोलो और सर्व सुविधायुक्त मेडिकल कॉलेज सिम्स जैसे अस्पताल मौजूद हैं। वहां एम्स बनाने की स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव की बात सरगुजा के जनता की उम्मीदों के साथ कुठाराघात है।
सरगुजा को ही भूल जाते हैं स्वास्थ्य मंत्री
भाजयुमो जिलाध्यक्ष विश्व विजय तोमर ने कहा कि छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव के कार्यकाल में अंबिकापुर में एक बेबस पिता अपनी बेटी के शव को कंधे पर ले जाता है। मेडिकल कॉलेज अस्पताल प्रबंधन की लापरवाही से 4 मासूम शिशुओं की मृत्यु हो जाती है। ऐसे में जब एम्स जैसे संस्थान खुलने की बात हो रही है, तो स्वास्थ्य मंत्री अपना गृह क्षेत्र सरगुजा ही भूल जाते हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments