Homeताजा ख़बरएक साधारण से कैमरामेन ने कर दी ANI की स्थापना, आज पूरी...

एक साधारण से कैमरामेन ने कर दी ANI की स्थापना, आज पूरी दुनिया में है नाम

  • मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने कहा-वरिष्ठ पत्रकार प्रेम प्रकाश का जीवन पत्रकारिता क्षेत्र में कार्यरत नई पीढ़ी के लिए प्रेरक
  • मुख्यमंत्री ने “रिपोर्टिंग इंडिया“ पुस्तक के हिंदी संस्करण का विमोचन किया

भोपाल। वर्ष 1957 में एक कैमरामेन से सफर शुरू करने वाले पत्रकार ने भारत की प्रथम टी.वी. समाचार एजेंसी एएनआई की स्थापना करने में सफलता हासिल की। आज विश्व के कई देशों में यह न्यूज एजेंसी कार्यरत है। एजेंसी के सैकड़ों संवाददाता हैं। यह कहानी है वरिष्ठ पत्रकार प्रेम प्रकाश की। उनके मध्यप्रदेश आगमन पर उल्लेखनीय सेवाओं के लिए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सम्मान भी किया। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि वरिष्ठ पत्रकार प्रेम प्रकाश का जीवन युवा पत्रकारों के लिए प्रेरक है। उन्होंने अपनी योग्यता और लगन से पत्रकारिता के क्षेत्र में संघर्ष करते हुए निरंतर 70 वर्ष अतुलनीय कार्य किया है। उनके व्यापक अनुभव से नई पीढ़ी काफी कुछ सीख सकती है। सीएम ने कहा कि स्वयं के निर्माण के लिए व्यक्ति किस तरह अपनी जिद, जुनून और जज्बे से सफलता के शिखर तक पहुँचता है, इसका उदाहरण वरिष्ठ पत्रकार प्रेम प्रकाश का जीवन है।

सीएम ने भोपाल में होटल ताज लेक फ्रंट में एएनआई न्यूज एजेंसी के संस्थापक वरिष्ठ पत्रकार प्रेम प्रकाश की लिखी पुस्तक “रिपोर्टिंग इंडिया“ का विमोचन किया। शिवराज ने कहा कि 1957 में एक कैमरामेन से सफर शुरू करने वाले प्रेम प्रकाश ने भारत के प्रथम प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू से लेकर वर्तमान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तक पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर उत्कृष्ट कार्य किया है। उन्हें भारत की प्रथम टी.वी. समाचार एजेंसी एएनआई की स्थापना में सफलता मिली। आज विश्व के अनेक देशों में यह न्यूज एजेंसी कार्यरत है। एजेंसी सर्वव्यापी और लोकप्रिय बनी है और इसके सैकड़ों संवाददाता हैं। प्रेम प्रकाश इसके लिए बधाई के पात्र हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि पत्रकारिता के क्षेत्र में 70 वर्ष के अनुभवों को एक किताब में समाहित करना महत्वपूर्ण है।

मुख्यमंत्री ने पुस्तक प्रकाशन के लिए श्री प्रेम प्रकाश को बधाई दी और प्रकाशक प्रभा खेतान फाउंडेशन के इस प्रयास को सराहनीय बताया। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने चर्चा-सत्र में पत्रकार रशीद किदवई द्वारा प्रेम प्रकाश से हुई बातचीत में शामिल होकर मध्यप्रदेश सरकार द्वारा लागू की गई कल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश की विकास दर और प्रति व्यक्ति आय बढ़ी है। प्रदेश सबसे बड़ा गेहूँ निर्यातक राज्य है। प्रदेश की कृषि विकास दर में वृद्धि हुई है। हर पैरामीटर पर मध्यप्रदेश ने अच्छा कार्य करके दिखाया है। लाड़ली लक्ष्मी योजना से लेकर विशेष पिछड़ी जनजाति बैगा, सहरिया और भारिया के परिवारों के पोषण स्तर में सुधार के लिए राशि देने का कार्य हो या नई लाड़ली बहना योजना, महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए हरसंभव प्रयास किए गए हैं। अन्य राज्यों द्वारा भी इन उपलब्धियों को इतिहास रचने की संज्ञा दी गई है। लोक निर्माण मंत्री गोपाल भार्गव, सहकारिता मंत्री अरविंद भदौरिया, कृषि मंत्री कमल पटेल, सांसद व भाजपा प्रदेशाध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा, हितानंद शर्मा, विधायक पी.सी शर्मा सहित जन-प्रतिनिधि और मीडिया संस्थानों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments