- सीएम ने कहा-प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हम देश के हर राज्य में और आमजन के दिल में हैं
भोपाल। त्रिपुरा और नागालैंड में भारतीय जनता पार्टी के विजयी होने पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रदेश कार्यालय पहुँचकर दीनदयाल उपाध्याय तथा श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। उन्होंने उपस्थित कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को मिठाई खिलाकर जीत की बधाई दी। शिवराज ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास इस मंत्र के साथ भाजपा की सरकार ने जनता की जिंदगी बदलने के लिए अभूतपूर्व कार्य किए हैं। राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा के नेतृत्व में हर राज्य के हर बूथ तक संगठन का विस्तार हुआ है। यह सफलता हर बूथ पर कार्य कर रहे मेहनती कार्यकर्ताओं के समर्पण की सफलता है। उन्होंने कहा कि अमित शाह एवं जे.पी.नड्डा की नीति, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और कार्यकर्ताओं की निष्ठा के परिणामस्वरूप भाजपा अपराजेय बन गई है।
शिवराज को उम्मीद मप्र में भी चलेगा जादू
शिवराज ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के यशस्वी नेतृत्व में हम देश के हर राज्य में और आमजन के दिल में हैं। उनके नेतृत्व में नागालैंड में हमने सफलता का इतिहास रचा है। त्रिपुरा में शानदार बहुमत के साथ पुनः सत्ता में आए हैं। मेघालय में भी हम आगे बढ़े हैं। उन्होंने कहा कि आज एक भारत-श्रेष्ठ भारत की संकल्पना साकार हो रही है। दरअसल सीएम शिवराज सिंह चौहान को उम्मीद है कि इन दो राज्यों में भगवा फहराने के बाद अब मप्र में भी मोदी का जादू चलेगा और प्रदेश की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ चुनाव में मिलेगा। भाजपा में विश्वास जताने के लिए जनता का आभार व्यक्त करता हूं।